हादसा उस समय हुआ जब ऑटो रिक्शा में सवार लोग जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे. पुलिस हादसे की जांच में जुटी है.
पलनाडू (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में चिलाकलुरिपेट चौराहे के पास बुधवार देर रात एक भयानक सड़क हादसा हो गया. विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस की ऑटो-रिक्शा से टक्कर हो गई.
पुलिस को जैसे ही हादसे की खबर मिली वैसे ही मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया. जानकारी के मुताबिक ऑटो-रिक्शा से सफर कर रहे तकरीबन 15 लोगों में से सात की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं. मृतकों की पहचान चिलाकलुरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के निवासियों के तौर पर की गई है.
नरसाराओपेट के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) एम. हनुमंत राव के अनुसार, यह घटना रात करीब 1 बजे हुई, जब तिरुपति जा रही प्राइवेट बस एक यात्री को लेने के लिए चिलकलुरिपेट के पास बाईपास पर पहुंची. राव ने बताया कि गुरुवार को पलनाडू जिले में काला मंदिर जंक्शन के पास बस और ऑटो-रिक्शा की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए. यात्री को लेने के बाद बस नरसाराओपेट बस स्टैंड की ओर बढ़ी, तभी काला मंदिर जंक्शन के पास उसने एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी.
एम. हनुमंत राव ने बताया कि ऑटो सड़क की गलत तरफ से बस के रास्ते में आ गया था, जबकि बस करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रही थी. पुलिस ने बताया कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घायल हुए छह लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
पुलिस ने किसी तरह शवों को वाहन से निकाला और वहीं, गंभीर रूप से घायलों को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया. वहीं, पुलिस ने बताया कि यह सड़क हादसा उस समय हुआ जब ऑटो रिक्शा पर सवार लोग बापटला जिले के कोंडामंजुलुरु में एक जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे.
राहत कार्य में जुटी पुलिस टीम ने घायलों को गुंटूर GGH (सरकारी जनरल अस्पताल) भेजा है. पुलिस ने जानकारी दी कि सात में चार लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दो लोगों की मौत गुंटूर GGH में और एक की मौत चिलाकलुरिपेट सरकारी अस्पताल में हुई. पुलिस ने मृतकों की पहचान बोंटा बाबू (62), बोंटा मनेम्मा (55), संपूर्णम्मा (70), लक्ष्मम्मा (75), गंगम्मा (50), चौतुपल्ली सुवर्ता (45) और मरियम्मा (45) के तौर पर की है.
